जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली से
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अधिवक्ताओं के चैंबर में शनिवार दोपहर जर्जर छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय चैंबर में बैठे एक अधिवक्ता बाल-बाल बच गए। उन्हें मामूली चोटें आईं, जबकि उनकी कुर्सी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद अधिवक्ताओं में रोष फैल गया और उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।शनिवार दोपहर करीब दो बजे अधिवक्ता अपने-अपने चैंबर में कार्य कर रहे थे।
तभी अचानक छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा। तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद अधिवक्ता मौके पर पहुंचे और घायल अधिवक्ता को सुरक्षित बाहर निकाला। संयोग अच्छा रहा कि घटना के समय अधिक लोग उसकी चपेट में नहीं आए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।अधिवक्ताओं का कहना है कि चैंबर भवन काफी समय से जर्जर हालत में है।
इसकी मरम्मत कराने की मांग कई बार जिला प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण अधिवक्ताओं की जान जोखिम में बनी हुई है।अधिवक्ता पदम श्रीवास्तव ने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के प्रति प्रशासन गंभीर नहीं है। भवन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है,
लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मरम्मत कराकर सुरक्षित व्यवस्था नहीं की गई तो अधिवक्ता आंदोलन करने को विवश होंगे।हादसे के बाद अधिवक्ताओं ने जर्जर भवन की तत्काल तकनीकी जांच कराने, मरम्मत कार्य शुरू कराने और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
