प्रिंसू वैश्य ने ईओ को दी डीएम से शिकायत की चेतावनी, बोले- सरकारी सभागार किसी एक दल का कार्यालय नहीं।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार
रायबरेली/महराजगंज। नगर पंचायत महराजगंज के सभागार में राजनीतिक बैठकों को लेकर विवाद गहरा गया है। नगर समाजसेवी एवं कांग्रेसी नेता प्रिंसू वैश्य और अधिशासी अधिकारी (ईओ) राम आशीष वर्मा के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऑडियो में प्रिंसू वैश्य पांच जुलाई को कांग्रेस की बैठक के लिए नगर पंचायत सभागार उपलब्ध कराने की बात कहते हैं, जबकि ईओ यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि सभागार किसी को नहीं दिया जा सकता।
प्रिंसू वैश्य का आरोप है कि नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में लगातार भारतीय जनता पार्टी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उनका कहना है कि शनिवार को भी भाजपा के मंडल पहरेमऊ की मासिक बैठक सभागार में हुई, जिसके फोटो और अन्य साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं। उनका आरोप है कि सरकारी सभागार का उपयोग एक विशेष राजनीतिक दल के कार्यक्रमों के लिए किया जा रहा है, जिससे निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रिंसू वैश्य ने बताया कि इसी मुद्दे पर उन्होंने ईओ से बात की और स्पष्ट कहा कि यदि भविष्य में भी सरकारी सभागार का इस्तेमाल किसी एक दल की बैठकों के लिए होता रहा तो इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की जाएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत सभागार में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं में भी नाराजगी बताई जा रही है।
हालांकि, इस पूरे मामले में नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो और भाजपा बैठक की तस्वीरों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।
