जमीन पर कब्जे का आरोप; न्याय न मिलने पर तहसील जाम की चेतावनी।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।जगतपुर थाना क्षेत्र के टांघन गांव में भूमिधरी जमीन पर कथित अवैध कब्जे के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में दलित परिवारों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। पासी समाज के जिला अध्यक्ष देशराज पासी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में पीड़ित विकास भवन से जिलाधिकारी कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि गांव की भूमिधरी जमीन पर कुछ दबंग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने कई बार स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
इससे दबंगों के हौसले बुलंद हैं और पीड़ित परिवार लगातार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं।पासी समाज के जिला अध्यक्ष देशराज पासी ने कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता और पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, तो संगठन ऊंचाहार तहसील का घेराव एवं जाम करेगा।
आवश्यकता पड़ने पर लखनऊ पहुंचकर भी आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।वहीं पीड़िता फूलन देवी ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर दबंग कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, जिससे उनका परिवार परेशान है।
उन्होंने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर जमीन पर कब्जे के प्रयास को रोकने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।फिलहाल जिलाधिकारी कार्यालय ने पीड़ितों का शिकायती पत्र प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन पीड़ितों को कब तक न्याय दिला पाता है।
