सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का उठाएं लाभ अधीक्षक डॉ. मुकुंद पटेल
धारा लक्ष्य समाचार
त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) त्रिवेदीगंज में पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य निरंतर जारी है। सीएचसी प्रशासन ने क्षेत्र के सभी पात्र नागरिकों से जल्द से जल्द आयुष्मान कार्ड बनवाकर सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. मुकुंद पटेल ने बताया कि 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त लाल राशन कार्ड धारकों के परिवार के सभी सदस्यों तथा सफेद राशन कार्ड में छह सदस्य दर्ज होने की स्थिति में सभी पात्र सदस्यों के भी आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र लाभार्थी अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ सीएचसी त्रिवेदीगंज के कक्ष संख्या-30 में पहुंचकर अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी एवं सहायता के लिए आयुष्मान मित्र विकास यादव से संपर्क किया जा सकता है।
डॉ. मुकुंद पटेल ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। जिनके परिवारों के आयुष्मान कार्ड बने हुए है तो वैसे व्यक्तियों को 5 लाख रुपए का योगदान सरकार द्वारा दिया जा रहा है।इस योजना के माध्यम से लाभार्थियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रति वर्ष निर्धारित सीमा तक निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे बिना किसी विलंब के अपना आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त करें
