जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। रायबरेली जनपद के विकासखंड महराजगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय दौतरा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट उपलब्धि से जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय स्वच्छ एवं हरित विद्यालय (SHWR 2025-26) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए विद्यालय एवं उसके प्रभारी प्रधानाध्यापक आशीष प्रताप सिंह को बुधवार को वाराणसी में आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित इस समारोह में प्रदेश के चयनित 12 विद्यालयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। प्राथमिक विद्यालय दौतरा के प्रभारी प्रधानाध्यापक आशीष प्रताप सिंह को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान प्राप्त होने पर पूरे शिक्षा जगत, क्षेत्रीय लोगों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।विद्यालय को यह सम्मान स्वच्छता, हरित परिसर के विकास, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन तथा विद्यार्थियों में पर्यावरणीय जागरूकता विकसित करने के लिए किए गए।
नवाचारी एवं उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर प्रदान किया गया। विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करते हुए रायबरेली ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि इसी माह जुलाई में नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मान समारोह में प्राथमिक विद्यालय दौतरा को राष्ट्रीय स्वच्छ एवं हरित विद्यालय (SHWR 2025-26) का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर वह विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान ग्रहण करेंगे।
विद्यालय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों तथा क्षेत्रवासियों ने आशीष प्रताप सिंह और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
