आधे घंटे की बारिश ने खोली नगर पालिका के विकास की पोल, इंदिरा नगर में जलभराव से फूटा लोगों का गुस्सा।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। शहर के इंदिरा नगर वार्ड संख्या-27 में बुधवार को हुई करीब आधे घंटे की तेज बारिश ने नगर पालिका के विकास कार्यों की हकीकत सामने ला दी। बारिश के बाद पूरे मोहल्ले में जलभराव हो गया। सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और कई घरों में पानी घुस जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण आवागमन भी बाधित रहा।स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा सड़क निर्माण का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। सड़क की ऊंचाई तो बढ़ा दी गई,।

लेकिन जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते हर बारिश में पानी सीधे लोगों के घरों में घुस जाता है, जिससे घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचता है।

मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है, जबकि मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है।

आक्रोशित नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अधूरी सड़क का निर्माण पूरा कर जलनिकासी की प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई, तो वे मजबूर होकर स्वयं अधूरी सड़क को तोड़ने का कदम उठाएंगे। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

Related posts