धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
बछरावां/रायबरेली:बछरावां क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी विद्यावती (48) की बुधवार सुबह डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आपसी विवाद में पति रामनाथ ने वारदात को अंजाम दिया। पति इस कदर विद्यावती से खफा था कि उसने करीब शरीर पर डंडे से 10 बार वार किए। इससे विद्यावती का सिर फट गया था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर वारदात की जांच की।
मृतका के भाई सरवन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। मृतका विद्यावती का मायका बलईमऊ गांव था। पति से आपसी विवाद होने के चलते करीब पांच साल से विद्यावती हसनपुर गांव में अलग घर में दो बेटों रामबहादुर, भैयालाल व बेटियों के साथ रहती थीं।
पति भी पड़ोस में अलग घर पर रहता था। बेटों की शादी भी हो चुकी है। सुबह करीब 7.30 बजे विद्यावती नित्यक्रिया के लिए खेत की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान रामनाथ ने अचानक विद्यावती पर डंडे से हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक के बाद एक आरोपी ने विद्यावती पर डंडे से 10 बार प्रहार किया। इससे महिला का सिर फट गया। शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।उनकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला की हत्या की खबर पर पुलिस व फोरेंसिक टीम गांव पहुंचकर पड़ताल की। हालांकि पुलिस ने महिला को सीएचसी बछरावां भी पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
महिला की हत्या से परिजनों में रोना पिटना मच गया। सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि आपसी विवाद के चलते पति ने ही विद्यावती की हत्या की है। आरोपी को पकड़ लिया गया है। उसे जेल भेजा जा रहा है।
