धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के घुरौना गांव में नाली खोदने के विवाद में 55 वर्षीय भगवानदीन पुत्र रामसेवक की पीट-पीटकर हत्या के बाद बुधवार को भी तनाव की स्थिति बनी रही। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया।बताया जा रहा है कि मंगलवार देर शाम नाली खोदने को लेकर हुए विवाद में गांव के ही चार-पांच युवकों ने भगवानदीन पर कथित रूप से फंटी से हमला कर दिया था।
गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में भी काफी देर तक हंगामा हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। सूचना पर सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार, एसडीएम समेत चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालते हुए परिजनों को समझाने का प्रयास किया।मौके पर पहुंचे सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने भी परिजनों से मुलाकात की और प्रशासन से पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में परिजनों को समझाने का प्रयास जारी है और गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
