शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता : डीएम डॉ. राजागणपति आर
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
खैराबाद (सीतापुर)। खैराबाद स्थित भूमिजा बहुउद्देशीय ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में जनपद भर से लगभग एक हजार शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, एसआरजी, एआरपी एवं संकुल शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय मिश्रापुर की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान कैशलेस चिकित्सा योजना से लाभान्वित होने वाले करीब दो दर्जन शिक्षकों को लाभार्थी कार्ड वितरित किए गए। समारोह में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर, मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, रेउसा विधायक ज्ञान तिवारी, शिक्षक एमएलसी इंजीनियर अवनीश पटेल, एमएलसी पवन कुमार सिंह चौहान,
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा ने किया।
अपने संबोधन में विधायक ज्ञान तिवारी ने मुख्यमंत्री की कैशलेस चिकित्सा योजना को शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में पूरी निष्ठा से कार्य करें तथा डीबीटी के माध्यम से भेजी गई धनराशि का सही उपयोग सुनिश्चित कराने के लिए अभिभावकों से भी संवाद स्थापित करें। शिक्षक एमएलसी इंजीनियर अवनीश पटेल,
एमएलसी पवन कुमार सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर ने भी योजना की सराहना करते हुए इसे शिक्षकों के हित में बड़ा कदम बताया।
समारोह के अंत में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने कहा कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
