विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही! अधिवक्ताओं के चेंबर में उतरा करंट, कई वकील घायल, तहसील परिसर में मचा हड़कंप

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

हैदरगढ़ (बाराबंकी)। हैदरगढ़ तहसील स्थित नई तहसील परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अधिवक्ताओं के चेंबर में विद्युत ट्रांसफार्मर से अचानक करंट उतर आया। करंट फैलने से कई अधिवक्ता उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और सभी अधिवक्ता अपने-अपने चेंबर छोड़कर सड़क पर आ गए।

मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राम अचल मिश्रा ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि यह विद्युत विभाग की घोर लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा, “बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही के कारण हमारे अधिवक्ता साथी घायल हुए हैं। यदि समय रहते स्थिति पर काबू नहीं पाया जाता तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।”

अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर की विद्युत व्यवस्था की तत्काल जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। तथा मामले की जांच की जा रही थी।

 

Related posts