जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जनपद में वाहन कर (टैक्स) बकाया रखने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ परिवहन विभाग ने अब सख्त रुख अपना लिया है। एआरटीओ (प्रशासन) अरविंद यादव के नेतृत्व में विभाग ने बड़े बकायेदारों के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया है। लंबे समय से टैक्स जमा न करने वाले वाहन स्वामियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं और तय समय में भुगतान न करने पर वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।परिवहन विभाग के अनुसार जिले में 3,799 वाहन ऐसे चिन्हित किए गए हैं,
जिन पर 20 हजार रुपये या उससे अधिक का वाहन कर बकाया है। इन वाहनों पर कुल 36.92 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है। राजस्व वसूली को गति देने के उद्देश्य से सभी बकायेदारों को स्पीड पोस्ट के माध्यम से नोटिस भेजे जा रहे हैं।
एआरटीओ (प्रशासन) अरविंद यादव ने स्पष्ट किया कि नोटिस मिलने के बाद वाहन स्वामियों को 15 दिन का अंतिम अवसर दिया जाएगा। यदि निर्धारित अवधि में बकाया कर जमा नहीं किया गया तो विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को सड़क पर मिलने पर तत्काल सीज कर दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि कोई वाहन स्वामी कार्रवाई से बचने के लिए वाहन छिपाता है, तो उसके विरुद्ध जिलाधिकारी के माध्यम से रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी कर भू-राजस्व की भांति कानूनी प्रक्रिया से बकाया वसूला जाएगा।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहन का टैक्स स्टेटस जांचकर समय रहते बकाया जमा करा दें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके।एआरटीओ अरविंद यादव की सख्ती और पारदर्शी कार्यशैली से जिले में राजस्व वसूली अभियान को नई गति मिली है। बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई और ईमानदार कार्यप्रणाली के चलते परिवहन विभाग की सक्रियता की सराहना की जा रही है।
