श्रद्धालुओं/कावड़ियों की सुरक्षा, सुगम दर्शन एवं निर्बाध यातायात प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : डीएम
प्रमुख शिवालयों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा, सुरक्षा, यातायात एवं विद्युत व्यवस्था के संबंध में दिए आवश्यक निर्देश
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्ट राजेश कुमार बाराबंकी
बाराबंकी, 27 जुलाई 2026। आगामी श्रावण मास (30 जुलाई से 28 अगस्त 2026) एवं श्रावण शिवरात्रि (11 अगस्त 2026) के दौरान जनपद के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं/कांवड़ियों की भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में बैठक सम्पन्न हुई।बैठक में जनपद के प्रमुख शिवालयों श्री लोधेश्वर महादेव (रामनगर), नागदेवता मंदिर मजीठा, अवसानेश्वर महादेव (हैदरगढ़),नागेश्वरनाथ मंदिर, सिद्धेश्वर महादेव, फतेहपुर, मसौली, घुंघटेर, देवा, कुर्सी तथा अन्य प्रमुख शिव मंदिरों पर की जा रही तैयारियों की संबंधित उप जिलाधिकारियों से बिंदुवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी मंदिरों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी, पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती समय से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कांवड़ियों के आवागमन वाले मार्गों पर पड़ने वाली मांस एवं अंडे की दुकानें प्रत्येक रविवार एवं सोमवार को बंद रखी जाएं।
साथ ही बाराबंकी–रामनगर मुख्य मार्ग पर रविवार दोपहर 12 बजे से सोमवार दोपहर तक रोडवेज बसों का डायवर्जन सुनिश्चित किया जाए तथा इस अवधि में भारी वाहनों के आवागमन पर भी पूर्णतः रोक रहे, जिससे श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि सभी प्रमुख शिवालयों एवं कांवड़ मार्गों पर निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी दुकानदार कटिया डालकर अवैध रूप से विद्युत का उपयोग न करे, इसकी नियमित जांच कराई जाए तथा आवश्यकतानुसार विधिक कार्रवाई की जाए। सभी अस्थायी एवं स्थायी विद्युत संयोजनों की सुरक्षा जांच, खुले तारों का तत्काल सुधार तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री अर्पित विजयवर्गीय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक संवेदनशील स्थल का नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए। भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाए उन्होंने कहा कि ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी कांवड़ियों/श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत, सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार करें, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं।
सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे श्रावण मास एवं श्रावण शिवरात्रि का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

इस दौरान सीडीओ अन्ना सुदन,एडीएम निरंकार सिंह, एएसपी उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी, सीएमओ डॉ रंजन गौतम, एसडीएम नवाबगंज/जॉइंट मजिस्ट्रेट सुश्री गुंजिता अग्रवाल, जॉइंट मजिस्ट्रेट विद्यांशु शेखर झा, सभी प्रमुख मंदिरों के पुजारी एवम कमेटी के सदस्यगण ,समस्त उपजिलाधिकारी गण व सीओ सहित अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।
