जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल, सलेथू में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि वेदव्यास के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने गुरु वंदना, प्रेरक भाषण, कविता पाठ एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यालय परिसर गुरु महिमा के गीतों और तालियों की गूंज से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु केवल ज्ञान का ही नहीं, बल्कि संस्कार, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व निर्माण का भी आधार होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सदैव सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर जीवन में सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों को तिलक लगाकर सम्मानित किया और अनुशासन, परिश्रम एवं अच्छे संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में अदिति, ज़ारा, अवनी, अनन्या, कृति सिंह, सक्षम मिश्रा, सामर्श एवं जैनब सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य एस.एल. प्रजापति, उप-प्रधानाचार्या रजनी श्रीवास्तव, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
