जेईई एडवांस्ड 2026 में सफलता, बछरावां के राजमाऊ गांव का बेटा बना जिले का गौरव।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बछरावां (रायबरेली)। मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर बछरावां ब्लॉक के राजमाऊ गांव निवासी अरुणेंद्र रावत ने ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिस पर पूरा रायबरेली जिला गर्व महसूस कर रहा है। अरुणेंद्र का चयन देश के प्रतिष्ठित और शीर्ष अनुसंधान एवं शिक्षण संस्थान आईआईएससी बैंगलोर में हुआ है। उन्होंने जेईई एडवांस्ड 2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर यह सफलता हासिल की।
अरुणेंद्र के पिता मोहनलाल रावत और माता आरती रावत दोनों सरकारी शिक्षक हैं। घर का शैक्षणिक माहौल और माता-पिता का सतत मार्गदर्शन उनकी सफलता की मजबूत नींव बना। बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर अरुणेंद्र ने कठिन परिश्रम और अनुशासित दिनचर्या के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
इससे पहले अरुणेंद्र ने लखनऊ के न्यू मॉडल पब्लिक स्कूल से सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इसके बाद उन्होंने जेईई एडवांस्ड की तैयारी में पूरी मेहनत झोंक दी, जिसका परिणाम अब आईआईएससी बैंगलोर में चयन के रूप में सामने आया है।
बेटे की उपलब्धि पर भावुक पिता मोहनलाल रावत ने कहा कि यह सफलता अरुणेंद्र के वर्षों के अथक परिश्रम, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि ईमानदारी और समर्पण के साथ प्रयास किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।
