गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराने के दिए निर्देश।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने गुरुवार को अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की स्मृति में निर्माणाधीन सभागार एवं पुस्तकालय का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परियोजना के प्रथम चरण (फेज-1) का कार्य पूरी तरह पूर्ण पाया गया। सभागार में लाइट, साउंड सिस्टम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं।
कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को बताया कि परियोजना के द्वितीय चरण (फेज-2) में स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा फिनिशिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं तय समय सीमा के भीतर पूरे कराए जाएं। उन्होंने निर्माणाधीन पार्किंग का कार्य भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सुधीर गिरि, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के अवर अभियंता विनय कुमार, सहायक प्रोजेक्ट अभियंता संदीप कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
