जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता सुशील पासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने धरना देकर नारेबाजी की और संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक दिन पूर्व भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी द्वारा दिए गए बयान में राहुल गांधी के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया। इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता सुशील पासी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार रोजगार, महंगाई और अन्य जनसमस्याओं पर विफल रही है तथा जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए समाज में विभाजनकारी राजनीति की जा रही है।
सुशील पासी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के धरना-प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह की मौजूदगी में राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की बयानबाजी लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक शालीनता के अनुरूप नहीं है।प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि कथित अभद्र टिप्पणी करने वाले लोगों के खिलाफ निष्पक्ष एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए,
ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और राजनीतिक मर्यादा कायम रहे।
