गऊघाट चौराहे पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बाइक, 49 वर्षीय राकेश की मौत

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। शिवगढ़ थाना क्षेत्र की गुमावा चौकी अंतर्गत गऊघाट चौराहे के पास गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 49 वर्षीय राकेश कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महराजगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, महराजगंज थाना क्षेत्र के कमालपुर अवांडीह (आँवा डीह कमालपुर) निवासी राकेश कुमार गुरुवार रात करीब 10 बजे बाइक से लोनार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गऊघाट चौराहे के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक और ओवरटेक कर रहे एक वाहन के बीच उनकी बाइक फंस गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सीएचसी महराजगंज भेजा। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. एस.के. राय ने बताया कि राकेश कुमार को एम्बुलेंस द्वारा मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।

सूचना पर गुमावा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। चौकी प्रभारी आयुष वत्स ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

राकेश कुमार की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

Related posts