जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
हरचंदपुर, रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव के पास बुधवार शाम रेलवे ट्रैक पर एक 35 वर्षीय विवाहिता का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी पर हरचंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान कांति पुत्री रामबरन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कांति का विवाह हो चुका था, लेकिन वह लंबे समय से अपने ससुराल न जाकर अपने पिता के घर मायके में ही रह रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच की है। आशंका जताई जा रही है कि विवाहिता ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की है।
हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है।
