पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, 25 दिनों से बूंद-बूंद पानी को तरसे इंदिरा नगरवासी

जलभराव से वैष्णो देवी मंदिर की नींव पर संकट, संक्रामक बीमारियों की आशंका; डीएम से लगाई गुहार।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। शहर के आवास विकास स्थित इंदिरा नगर (वार्ड संख्या-26) में गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के लोगों को पिछले करीब 25 दिनों से पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही और घटिया सामग्री के उपयोग के कारण पाइपलाइन जगह-जगह से टूट गई है,

जिससे नियमित जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से लगातार हो रहे पानी के रिसाव के कारण एक ओर हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में जलभराव की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। सबसे अधिक चिंता का विषय यह है कि रिसाव का पानी स्थानीय लोगों की आस्था के केंद्र वैष्णो देवी मंदिर की नींव तक पहुंच गया है।

लगातार पानी भरने से मंदिर की नींव कमजोर होने लगी है, जिससे उसके क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि जलभराव और गंदगी के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बनी हुई है। कई बार संबंधित विभाग से शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराकर नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने तथा मंदिर के आसपास जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग की है।

साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर जिम्मेदारअधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की भी अपील की है।

Related posts