जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार बुधवार को “मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0” के अंतर्गत थाना डलमऊ की मिशन शक्ति टीम ने महिला सशक्तिकरण एवं साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम शांति मनोहर इंटर कॉलेज एवं भागीरथी इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों 1090, 181, 112, 1076, 102, 101 एवं 1098 की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही साइबर जागरूकता अभियान के तहत डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड तथा अन्य साइबर अपराधों के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
विद्यार्थियों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
इस अवसर पर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन एवं मातृशक्ति वंदन योजना की जानकारी भी दी गई।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना तथा उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उपनिरीक्षक सैय्यद नासिर उद्दीन, हेड कांस्टेबल दिनेश चंद्र मिश्रा, महिला बीट आरक्षी मनीषा, महिला कांस्टेबल राखी राणा, महिला कांस्टेबल अंकिता कुशवाहा तथा कांस्टेबल शुभम सहित थाना डलमऊ की मिशन शक्ति टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विद्यालय प्रशासन ने इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
