जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। प्लाटिंग के नाम पर हुए 12 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद गहरा गया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया है कि समझौते के बावजूद बकाया रकम नहीं दी जा रही है। विरोध करने पर गाली-गलौज, अभद्रता और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। साथ ही आरोप लगाया गया है कि प्लाटिंग बिना आवश्यक अनुमति और लेआउट स्वीकृति के कराई जा रही है।
भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे कैथन मजरे मुलिहामऊ निवासी अशोक कुमार श्रीवास्तव ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में डीह थाना क्षेत्र के पूरे भातन मजरे रोखा निवासी देवेंद्र चंद्र पांडेय पर आरोप लगाया है कि उनके भाई की भूमि पर प्लाटिंग और खड़ंजा निर्माण सहित अन्य कार्यों के लिए 12 लाख रुपये का करार हुआ था। आरोप है कि 1.60 लाख रुपये देने के बाद शेष रकम प्लॉट बिकने पर देने का वादा किया गया, ।
लेकिन अब भुगतान से इनकार किया जा रहा है।पीड़ित का कहना है कि बकाया मांगने पर आरोपी और उसके साथियों ने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और परिवार में दहशत का माहौल बना दिया। स्थानीय थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
