जलभराव से जूझ रहा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित विद्यालय का मार्ग

जिला रिपोर्टर  रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। महराजगंज विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय दौतरा को स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल चुकी है, लेकिन विद्यालय तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग बदहाल स्थिति में है। विद्यालय के सामने करीब 200 मीटर लंबा खड़ंजा जर्जर होकर धंस गया है, जिससे बरसात में कीचड़ और जलभराव हो जाता है। इसका खामियाजा विद्यालय में अध्ययनरत 145 विद्यार्थियों और ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य रोहित ने बताया कि मार्ग की मरम्मत के लिए खंड विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी, मुख्यमंत्री पोर्टल तथा जिलाधिकारी से कई बार शिकायत की जा चुकी है। ऑनलाइन शिकायतों पर खंड विकास अधिकारी की रिपोर्ट में भी मार्ग के जर्जर होने और जलभराव की समस्या स्वीकार की गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्य नहीं कराया गया।

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक आशीष सिंह ने बताया कि बारिश के दौरान रास्ते में पानी भरने से बच्चों की उपस्थिति प्रभावित होती है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग संतोषपुर, पहरेमऊ, बरेंदा, जनई और राजाका पुरवा सहित कई गांवों को जोड़ता है। उनका सुझाव है कि सड़क के किनारे नाली का निर्माण करा दिया जाए तो जलभराव की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है।

ग्राम प्रधान मोनू पासी ने बताया कि मार्ग की मरम्मत का प्रस्ताव पारित हो चुका है और बरसात समाप्त होने के बाद मरम्मत कार्य कराया जाएगा।

Related posts