जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार
रायबरेली। जिले में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ज्वेलर्स की दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। मिलएरिया थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए। दोनों घायलों को पहले सीएचसी अमावा ले जाया गया,
जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि मिलएरिया थाना क्षेत्र के लोनियन का पुरवा गांव स्थित शारदा नहर पुल के पास कुछ बदमाश चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं और नई चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक स्विफ्ट डिजायर कार तथा करीब 12.80 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद चांदी के आभूषण मिलएरिया थाना क्षेत्र के तकिया चौराहा स्थित ज्वेलर्स दुकानों और अमेठी जनपद के मोहनगंज क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़े हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरोह का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
