बरखापुर के पास पानी में बहता नजर आया शव, ग्रामीणों ने बनाया वीडियो; लगातार शव मिलने से उठे सवाल।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के बरखापुर गांव के पास शनिवार सुबह शारदा नहर में एक अधेड़ व्यक्ति का शव बहता दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। नहर में शव देखकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पानी के तेज बहाव के चलते शव देखते ही देखते काफी दूर तक बह गया। ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे बरखापुर गांव के पास ग्रामीणों ने शारदा नहर में एक व्यक्ति का शव बहते देखा।
शव को देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। हालांकि, तेज बहाव के कारण शव मौके पर नहीं रुक सका और आगे की ओर बहता चला गया। देर तक मृतक के शव का पता नहीं चल सका।
*बार-बार शव मिलने से ग्रामीणों में चिंता*
शारदा नहर में शव मिलने की यह कोई पहली घटना नहीं बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नहर में समय-समय पर शव बहते हुए मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इससे लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नहर में मिलने वाले शवों की घटनाओं की गंभीरता से जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि शव नहर में किन परिस्थितियों में पहुंच रहे हैं।
*न पहचान हुई, न मौत की वजह स्पष्ट*
नहर में बहते दिखाई दिए अधेड़ की अभी पहचान नहीं हो सकी है। वह कहां का रहने वाला था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका भी पता नहीं चल पाया है। मामला हत्या, हादसे या आत्महत्या से जुड़ा है, यह पुलिस जांच और शव बरामद होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद शव की तलाश और बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
साथ ही मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। नहर में लगातार शव मिलने की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
