मंदिरों में गूंजा कलश वंदन, समरसता का संदेश लेकर निकले भाजपाई ।

गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर 25 अगस्त तक चलेगा अभियान, प्रभात साहू व अमित श्रीवास्तव रहे सक्रिय।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत महराजगंज क्षेत्र में कलश वंदन कार्यक्रम जोर पकड़ रहा है। एक अगस्त से शुरू हुआ यह अभियान 25 अगस्त तक चलेगा। अभियान के जरिए क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ने के साथ ही सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया जा रहा है।

अभियान के तहत जसवंतरी देवी मंदिर, राम जानकी मंदिर, शिव मंदिर सलेथू, ओरीदास बाबा मंदिर मोन और ऊंचेश्वर महादेव मंदिर मऊ गर्वी समेत क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंदिर परिसरों में पहुंच रहे भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता विधि-विधान से पवित्र कलश का पूजन एवं वंदन कर रहे हैं।

भाजपा नेता प्रभात साहू और मंडल अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव की सक्रिय सहभागिता से अभियान को क्षेत्र में गति मिल रही है। विभिन्न मंदिरों में आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया। इस दौरान मंदिर परिसर धार्मिक जयघोष से गूंज उठे।कलश वंदन कार्यक्रम में सूर्य प्रकाश वर्मा, प्रेम मिश्रा, राघवेंद्र सिंह, भाजपा महामंत्री रवितोष त्रिपाठी, धर्मेंद्र वर्मा, सभासद विनीत वैश्य, रवि सक्सेना, अवलेश्वर साहू, टिंकू अवस्थी, राम अभिलाष, जियांशु रस्तोगी, विशाल सिंह, घनश्याम चौरसिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।

भाजपा नेता प्रभात साहू ने कहा कि कलश वंदन सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है। यह समाज के प्रत्येक वर्ग को एकता और समरसता के सूत्र में जोड़ने तथा हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया था। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही इस अभियान का उद्देश्य है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने कहा कि क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों को अभियान से जोड़कर लोगों में अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता पैदा की जा रही है। उन्होंने कहा कि 25 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान में क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के प्रमुख मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।अभियान के दौरान मंदिरों में कलश पूजन के साथ श्रद्धालुओं से सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और समरसता को मजबूत करने का आह्वान भी किया जा रहा है।

Related posts