5.6 करोड़ की लागत से होगा निर्माण, तीन नए फीडरों से विकास भवन व जिला अस्पताल समेत आसपास के क्षेत्रों को मिलेगी बिजली।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। शहर और आसपास के उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। रायबरेली विकास भवन परिसर में करीब 5.6 करोड़ रुपये की लागत से 5 एमवीए क्षमता का नया पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा। प्लांट के निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बताया गया कि प्लांट के लिए जमीन को लेकर आ रही समस्या का जिलाधिकारी के प्रयासों से समाधान कर लिया गया है। इसके बाद निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। करीब 50×40 आकार की बिल्डिंग में प्रस्तावित पावर प्लांट तैयार किया जाएगा।
विभाग ने निर्माण कार्य को लगभग छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।नया पावर प्लांट चालू होने के बाद करीब 5000 उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही यहां से तीन नए फीडर बनाए जाएंगे, जिनके माध्यम से विकास भवन, जिला अस्पताल और आसपास के इलाकों में बिजली की आपूर्ति की जाएगी।
वर्तमान में लंबी दूरी से बिजली आपूर्ति होने के कारण कई क्षेत्रों में लो-वोल्टेज और तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। नए पावर प्लांट के शुरू होने से बिजली आपूर्ति की दूरी कम होगी, जिससे लो-वोल्टेज, बार-बार होने वाली तकनीकी खराबी और बिजली आपूर्ति में आने वाली बाधाओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों का मानना है कि नया पावर प्लांट शहर के महत्वपूर्ण सरकारी परिसरों के साथ-साथ आसपास के हजारों उपभोक्ताओं के लिए बिजली व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की क्षमता और विश्वसनीयता दोनों में सुधार होने की उम्मीद है।
