बसंतापुर-लखनीपुर में कटान रोधी कार्यों का निरीक्षण, खाना मड़ोर में तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने शनिवार को तहसील लहरपुर क्षेत्र में शारदा नदी के दाएं किनारे स्थित ग्राम बसंतापुर और लखनीपुर का दौरा कर कटान रोधी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नदी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
डीएम ने सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर और लेखपाल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर बाढ़ की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं, विद्यालय व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने शारदा नदी तट स्थित ग्राम खाना मड़ोर का निरीक्षण किया। यहां अपस्ट्रीम क्षेत्र में कटान रोकने के लिए सिंचाई विभाग को तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम लहरपुर को निर्देशित किया कि बाढ़ की स्थिति गंभीर होने पर प्रभावित ग्रामीणों को बिना देरी सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम लहरपुर धामिनी दास, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विशाल पोरवाल सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
