बोल बम के जयकारों से गूंजा रायबरेली, कांवड़ियों पर बरसे फूल।

त्रिपुला चौराहे पर पुलिस अधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर किया भव्य स्वागत, पानी-फल और मिठाई बांटकर बढ़ाया उत्साह।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर रविवार को रायबरेली में आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर से गुजर रहे कांवड़ियों के जत्थों के स्वागत के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर ओर ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया।शहर के त्रिपुला चौराहे पर कांवड़ियों के स्वागत के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, सीओ सिटी आशीष निगम, शहर कोतवाल शिव शंकर सिंह समेत पुलिसकर्मियों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों को पानी, फल और मिठाई वितरित की तथा उनकी मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना की।

पुलिस अधिकारियों के इस आत्मीय स्वागत से कांवड़ियों में भी खासा उत्साह नजर आया। कई कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों का आभार जताया और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच अपनी यात्रा आगे बढ़ाई। इस दौरान चौराहे पर कुछ देर के लिए भक्तिमय माहौल बना रहा।

वहीं समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव शशिकांत शर्मा ने भी कांवड़ियों के स्वागत में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने ढोल-नगाड़ों के साथ कांवड़ियों का स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कांवड़ियों को सम्मान के साथ रवाना करते हुए उन्होंने उनकी यात्रा के सफल एवं सुरक्षित होने की कामना की।

कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से किए गए स्वागत से शहर में आपसी सद्भाव, सेवा और धार्मिक आस्था की मिसाल देखने को मिली। कांवड़ियों के गुजरने के दौरान पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना।

Related posts