हजारों कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार, अखिलेश यादव को फिर मुख्यमंत्री बनाने का लिया संकल्प।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
ऊंचाहार, रायबरेली। समाजवादी पार्टी ने रविवार को ऊंचाहार स्थित अशोका पैलेस में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर संगठन की ताकत का प्रदर्शन किया। सम्मेलन में रायबरेली जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों के चलते कार्यक्रम स्थल पर हजारों की भीड़ नजर आई। कार्यकर्ताओं के उत्साह और जोश से पूरा माहौल सपा के नारों से गूंजता रहा।
कार्यकर्ता सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं को एकजुट करना रहा। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने तथा जन-जन तक पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में सपा जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव, ओम प्रकाश मिश्रा, आकाश मौर्य, अरशद सुल्तान सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता पर निर्भर है। इसलिए सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने में जुटें।इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प जताया।
साथ ही ऊंचाहार में समाजवादी पार्टी और पीडीए की विचारधारा को मजबूत करने तथा आगामी चुनाव में पीडीए समर्थित प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया गया।सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को सपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन की मजबूत स्थिति का संकेत बताया।
कार्यक्रम के दौरान ‘समाजवादी पार्टी जिंदाबाद’ और ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के नारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।
