धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रक्षाबंधन का पावन पर्व आगामी 28 अगस्त को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। पढ़ाई-लिखाई या नौकरी के कारण घर से दूर रहने वाले जो भाई घर नहीं आ पाते, उन्हें बहनें डाक के माध्यम से राखी भेजती हैं। अक्सर बारिश के मौसम में साधारण कागज के लिफाफे फट जाते हैं और राखियां भीग कर खराब हो जाती हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए डाक विभाग ने खास तैयारी की है।
बाराबंकी डाक मंडल के अधीक्षक डाकघर श्री पुरुषोत्तम नाथ ने बताया कि इस प्रेम के धागे को गन्तव्य तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग वाटरप्रूफ लिफाफा उपलब्ध करवा रहा है। बहनें अब मात्र 10 रुपये में डाकघर से इस आकर्षक वाटरप्रूफ लिफाफे को प्राप्त कर सकती हैं। इन रंगीन और सुरक्षित लिफाफों में स्पीड पोस्ट या पार्सल के माध्यम से भेजा गया प्रेम का धागा देश-विदेश में भाइयों तक एकदम सुरक्षित पहुंचेगा। यह सुविधा बाराबंकी मंडल के सभी डाकघरों में उपलब्ध करा दी गई है।
अधीक्षक श्री पुरुषोत्तम नाथ ने सभी भाइयों से एक विशेष अपील करते हुए कहा कि वे इस रक्षाबंधन पर अपनी बहनों को ‘सुकन्या समृद्धि खाते’ का अनमोल उपहार दें। डाकघर में मात्र 250 रुपये जमा करके यह खाता खुलवाया जा सकता है, जो बहन के भविष्य को सुरक्षित और संवारने में बड़ी भूमिका निभाएगा। इसके अतिरिक्त मिठाई भेजने के लिए बहनें स्पीड पोस्ट तथा पार्सल सेवा का भी उपयोग कर सकती हैं।
रक्षाबंधन के अवसर पर डाक विभाग ने आम जनता को आकर्षित करने के लिए एक नई और खास पेशकश की है, जो 12 अगस्त 2026 से प्रभावी होगी। अब डाकघर के काउंटर से राखी को अन्तर्देशीय स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजने पर ग्राहकों को डाक शुल्क में 10% की विशेष छूट मिलेगी। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए लिफाफे पर स्पष्ट रूप से “Rakhi Mail” लिखना अनिवार्य होगा। एक ग्राहक अधिकतम 5 राखी लिफाफों की बुकिंग पर इस छूट का लाभ ले सकता है (यह छूट केवल डाक शुल्क पर होगी, अन्य सेवाओं पर नहीं)। डाक विभाग की इस समयबद्ध और भरोसेमंद सेवा से बहनें देशभर में बहुत ही आसानी और कम खर्च में इस रक्षाबंधन पर्व पर अपना स्नेह भेज सकेंगी।
