तहसील बार एसोसिएशन हैदरगढ़ का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्ट कुलदीप शर्मा (के.के.)

बाराबंकी। तहसील बार एसोसिएशन हैदरगढ़ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को पराग डेयरी, हैदरगढ़ के सभागार में गरिमामय एवं भव्य माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय तथा पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप शामिल हुए।

समारोह स्थल पर पहुंचने पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि माता प्रसाद पाण्डेय ने तहसील बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय सिंह, महामंत्री संतोष शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ता हितों के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने अधिवक्ता समाज की एकजुटता, न्यायिक व्यवस्था में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका तथा संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

समारोह में अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। तहसील हैदरगढ़ के समस्त अधिवक्ताओं की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई। कार्यक्रम में आए अतिथियों एवं अधिवक्ताओं के लिए आयोजकों की ओर से नाश्ते, जलपान एवं भोजन की भी उत्तम व्यवस्था की गई थी।

वहीं, कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय सिंह एवं महामंत्री संतोष शुक्ला द्वारा उपस्थित पत्रकार बंधुओं का भी अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया। पत्रकारों के सम्मान को लेकर अधिवक्ताओं एवं अतिथियों ने भी सराहना व्यक्त की।

समारोह के अंत में उपस्थित अधिवक्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, महामंत्री सहित सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल की सफलता की कामना की।

Related posts