सावन के दूसरे सोमवार को दानेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

बोल बम के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर, हर सोमवार शाम होती है भव्य गंगा आरती।

जिला रिपोर्टर  रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। सावन माह के दूसरे सोमवार को कस्बे के प्रसिद्ध दानेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। कोतवाल जगदीश यादव के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा और पुलिसकर्मी लगातार भीड़ को व्यवस्थित करने में जुटे रहे। पुलिस की मौजूदगी के चलते श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

वहीं, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुधा अवस्थी ने बताया कि सावन माह में प्रत्येक सोमवार की शाम मंदिर परिसर स्थित सगरे पर स्थानीय लोगों की ओर से भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जा रहा है। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान शिव की आराधना करते हैं। गंगा आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो जाता है और श्रद्धालु भक्ति गीतों व जयकारों के बीच आरती में शामिल होते हैं।

सावन के प्रत्येक सोमवार को दानेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। मंदिर में सुबह से शाम तक दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सावन में होने वाली गंगा आरती अब श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनती जा रही है।

Related posts