महराजपुर में हादसे से मचा कोहराम, पत्नी-बच्चे का रो-रोकर बुरा हाल।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चंदापुर/रायबरेली। महराजपुर मजरे जनई गांव में सोमवार को घर में पंखे का प्लग लगाते समय बिजली के करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुए हादसे से परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के मुताबिक महराजपुर मजरे जनई निवासी नितिन श्रीवास्तव पुत्र राघवेंद्र श्रीवास्तव (32) सोमवार को अपने घर में पंखे का प्लग लगा रहे थे।
इसी दौरान अचानक उन्हें तेज करंट लग गया और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।नितिन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी गायत्री श्रीवास्तव और करीब तीन वर्षीय मासूम पुत्र ऋतिक श्रीवास्तव का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे ने मासूम के सिर से पिता का साया छीन लिया। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
थाना प्रभारी चंदापुर अरविंद सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से दूरभाष के माध्यम से घटना की सूचना दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और युवक को सीएचसी महराजगंज भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
