तलाक नहीं दिया, दूसरी शादी रचा ली! विरोध किया तो पत्नी को पीटा, बच्चे संग घर से निकाला

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र में शादीशुदा जिंदगी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक महिला ने अपने पति पर बिना तलाक दूसरी शादी करने, विरोध करने पर मारपीट करने और दो साल के बच्चे समेत घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र दिया और कार्रवाई की गुहार लगाई है।

*आधार कार्ड से 50 हजार का लोन लेने का भी आरोप*

सलीमपुर चौकी क्षेत्र निवासी प्रिया पुत्री राम सनक ने पुलिस अधीक्षक रवि कुमार को दिए शिकायती पत्र में बताया कि करीब चार वर्ष पहले उसका विवाह उफरापुर मजरे खसपरी निवासी विजय पुत्र राम प्रकाश के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। दंपती का दो वर्ष का एक बच्चा भी है।

पीड़िता का आरोप है कि पति विजय ने उसके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर 50 हजार रुपये का लोन भी ले लिया। मामला यहीं नहीं थमा। प्रिया के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को पति ने गांव के ही विनोद की पुत्री राधिका से दूसरी शादी कर ली, जबकि उससे अभी तक तलाक नहीं हुआ था।

*दूसरी शादी का विरोध पड़ा भारी*

प्रिया का आरोप है कि जब उसने पति की दूसरी शादी का विरोध किया तो पति और ससुरालवालों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि उसके जेवर और कपड़े भी छीन लिए गए। गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद उसे दो साल के मासूम बच्चे के साथ घर से बाहर निकाल दिया गया।

*एसपी के दरबार में पहुंची पीड़िता*

घर से निकाले जाने के बाद पीड़िता 10 अगस्त को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और अपनी पूरी पीड़ा शिकायती पत्र में दर्ज कराई। उसने पति समेत आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब मामला पुलिस की जांच के पाले में है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।

Related posts