रूपामऊ स्टेशन के पास सेना के जवान की संदिग्ध मौत।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार सुबह सेना के 22 वर्षीय जवान का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान ध्रुव पुत्र प्रवीन कुमार, निवासी जदतल पोस्ट रलिया, थाना कसौला, जनपद रेवाड़ी (हरियाणा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ध्रुव भारतीय सेना में तैनात था और वर्तमान में उसकी पोस्टिंग प्रयागराज में थी।जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब आठ बजे रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास लोगों ने युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची जीआरपी ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है।

बताया जा रहा है कि ध्रुव कुछ दोस्तों के साथ घूमने गया था। इसी दौरान उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि उसकी मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है।पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। मृतक के साथ मौजूद दोस्तों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा सकती है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।सेना के जवान की संदिग्ध मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर ध्रुव रेलवे स्टेशन के पास कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इन सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।

Related posts