जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 को गति देने के लिए बुधवार को महराजगंज विकासखंड परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बीडीओ श्रद्धा सोनकर और खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव के संयुक्त नेतृत्व में निकली यात्रा में सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ब्लॉक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।तिरंगा यात्रा ब्लॉक परिसर से शुरू होकर पुलिस चौकी तिराहे तक पहुंची।
हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।
बीडीओ श्रद्धा सोनकर ने बताया कि 14 अगस्त को मनाए जाने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और 15 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
विद्यार्थियों को भारत विभाजन की ऐतिहासिक परिस्थितियों, उसके मानवीय प्रभाव तथा राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव ने बताया कि परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, देशभक्ति गीत और प्रभात फेरी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज संहिता और संविधान में दिए गए मूल कर्तव्यों की जानकारी भी दी जा रही है।इस मौके पर एडीओ सहकारिता अरुण श्रीवास्तव, एडीओ आईएसबी धनेंद्र सिंह, एडीओ डब्ल्यू वदान्या त्रिपाठी, एपीओ राजीव त्यागी, शिक्षक उमेश गुप्ता, संतोष कुमार, अवनीश कुमार समेत ब्लॉक व शिक्षा विभाग के कर्मचारी और जूनियर महराजगंज के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
