छठ पूजा की तैयारियों पर डीएम-एसपी की नजर, नागेश्वरनाथ मंदिर परिसर का हुआ निरीक्षण

घाटों पर सुरक्षा, सफाई और रोशनी के पुख्ता इंतजाम के निर्देश, गहरे पानी वाले स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग एमएमl

धारा लक्ष्य समाचार

बाराबंकी। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियों की कमान संभाल ली है। शुक्रवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने शहर स्थित श्री नागेश्वरनाथ मंदिर परिसर और छठ पूजा से जुड़े स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने साफ शब्दों में निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवागमन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों और पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की स्थिति देखी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी पूजा स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि व्रतियों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

गहरे पानी वाले स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग

जिलाधिकारी ने जिले के अन्य छठ पूजा स्थलों पर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जलाशयों और गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग कराने तथा सुरक्षा के जरूरी इंतजाम समय से पूरे करने को कहा। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और पर्व के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने पुलिस अधिकारियों को प्रमुख घाटों और पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के साथ महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।

प्रशासनिक अधिकारियों के निरीक्षण के बाद छठ पूजा की तैयारियों में तेजी आने की उम्मीद है। प्रशासन का जोर है कि सूर्य उपासना का यह महापर्व जिले में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो।

Related posts