आवास विकास के पार्क में बनेगा कृत्रिम तालाब; सरयू और रेठ नदी के घाटों पर तैयारियां तेज
धारा लक्ष्य समाचार
बाराबंकी। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत के साथ ही जिले में श्रद्धा और उल्लास का माहौल छा गया है। शहर से लेकर गांवों तक छठ पूजा की रौनक दिखाई देने लगी है। बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है तो दूसरी ओर नदी घाटों और तालाबों को सजाने-संवारने का काम तेज हो गया है।
आवास विकास कॉलोनी के बड़े पार्क में इस बार कृत्रिम तालाब बनाया जा रहा है, जिससे आसपास के श्रद्धालुओं को सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
छठ पर्व को लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में बांस के सूप, दौरी, टोकरी, फल, फूल और पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। व्रती महिलाएं और उनके परिजन खरीदारी में जुटे हैं। घरों में साफ-सफाई के साथ अनुष्ठान की तैयारियां भी चल रही हैं।
चार दिनों तक चलने वाला यह कठिन व्रत नहाय-खाय से शुरू होकर खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होता है। व्रती महिलाएं कठोर नियमों का पालन करते हुए निर्जला उपवास रखती हैं और परिवार की सुख-समृद्धि व संतान की खुशहाली की कामना करती हैं।
रेठ नदी के चिलहटा घाट, आलापुर घाट और नागेश्वरनाथ तालाब पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। घाटों से कूड़ा, पॉलिथीन और पुराने कपड़े हटाकर पूजा के अनुकूल बनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं आवास विकास कॉलोनी के बड़े पार्क में कृत्रिम तालाब तैयार कराया जा रहा है।
टिकैतनगर क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारियों ने सरयू नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्तों की स्थिति देखी। संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बाजारों की चहल-पहल और घाटों पर तैयारियों के बीच पूरा जिला छठमय नजर आने लगा है। श्रद्धालुओं को अब डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की पावन बेला का इंतजार है।
