धान के खेत में बिखरा मिला युवती का कंकाल, सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से सनसनी

पहचान की पुष्टि के लिए होगी डीएनए जांच, अपराध शाखा समेत तीन पुलिस दल गठित; पिता ने दो युवकों पर जताया संदेह

धारा लक्ष्य समाचार

बाराबंकी। रामनगर क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत का मामला उलझता जा रहा है। धान के खेत में करीब 200 मीटर के दायरे में बिखरे मिले युवती के कंकाल ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पिता ने गांव के दो युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने अपराध शाखा समेत तीन पुलिस दल गठित किए हैं।

मामला भैसुरिया मजरे सुल्तानपुर गांव का है। युवती 17 अक्टूबर को घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसी दिन रामनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया गया कि युवती के लापता होने के साथ घर से 15 हजार रुपये और सोने के आभूषण भी गायब थे।

परिजनों के संदेह पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

कई दिन बाद फतेहुल्लापुर गांव में अमर सिंह के धान के खेत में युवती का कंकाल मिलने से मामला गंभीर हो गया। कंकाल के अवशेष करीब 200 मीटर के दायरे में अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। पास में मिले कपड़ों और चप्पलों के आधार पर पिता ने उसकी पहचान की।

उन्होंने गांव के दो युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या करने का संदेह जताया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के तीनों दल अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं। युवती के लापता होने से लेकर कंकाल मिलने तक की घटनाओं की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की तस्वीरें खंगाली जा रही हैं। पहले हिरासत में लिए गए संदिग्धों की भूमिका और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने कंकाल के अवशेष परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेजे हैं। पहचान की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी। कोतवाली प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के अनुसार, कंकाल के टुकड़े करीब 200 मीटर के दायरे में अलग-अलग स्थानों पर मिले थे। आशंका है कि जंगली जानवर अवशेषों को खींचकर इधर-उधर ले गए हों।

अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विवेक तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परीक्षण और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल इस सनसनीखेज मामले का खुलासा पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।

Related posts