दो कंटेनरों में 60 भैंसें बरामद, नौ हिरासत में।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

लालगंज, रायबरेली। लालगंज क्षेत्र में पुलिस ने पशुओं के परिवहन को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कंटेनरों से करीब 60 भैंसें बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों कंटेनरों को कब्जे में लेकर उनमें सवार नौ लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ के साथ ही पशुओं को ले जाने से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर से कानपुर की ओर दो कंटेनरों में बड़ी संख्या में भैंसों को ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बाबा पुरवा के पास दोनों कंटेनरों को रोक लिया। पुलिस ने कंटेनरों की तलाशी ली तो अंदर बड़ी संख्या में भैंसें मिलीं।

अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर पशुओं को सुरक्षित कराया और कंटेनरों में मौजूद नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पशुओं को किस उद्देश्य से और किन दस्तावेजों के आधार पर ले जाया जा रहा था।

फिलहाल पुलिस परिवहन से जुड़े कागजात, पशुओं की संख्या और उनके संबंध में अन्य जरूरी जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts