रायबरेली में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, डीएम ने दिया हर घर तिरंगा का संदेश

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। स्वतंत्रता दिवस के उत्साह में बुधवार को शहर देशभक्ति के रंग में नजर आया। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका खुद हाथ में तिरंगा लेकर स्कूली बच्चों के साथ यात्रा में शामिल हुईं।यात्रा अस्पताल चौराहा, सुपर मार्केट, घंटाघर समेत शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।

हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से माहौल गुंजायमान कर दिया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, एनसीसी-एनएसएस के छात्र-छात्राएं और आम नागरिक शामिल रहे।

हालांकि, जिले के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी भी चर्चा में रही।

डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि शासन के निर्देश पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने जिलेवासियों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज देश की एकता, अखंडता और बलिदान का प्रतीक है।

Related posts