देर रात बेकाबू ट्रक ने रेहड़ी दुकानदार को रौंदा, मची चीख-पुकार

हादसे में सिर और हाथ में गंभीर चोटें, सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर; चालक ट्रक छोड़ फरार।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। महराजगंज कस्बे से मंगलवार देर रात काम निपटाकर घर लौट रहे एक रेहड़ी दुकानदार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सीएचसी महराजगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक पूरे बाबूजी का पुरवा निवासी अरविंद पुत्र छोटेलाल महराजगंज कस्बे में रेहड़ी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मंगलवार की रात करीब 10:40 बजे वह रोज की तरह अपनी रेहड़ी बंद कर घर की ओर लौट रहे थे।

जैसे ही वह महावीर स्टडी स्टेट स्कूल के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अरविंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और घायल को संभाला। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल अरविंद को सीएचसी महराजगंज ले जाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया।

*हादसे के बाद ट्रक छोड़ चालक फरार*

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रक व चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, जिससे वाहन और चालक की पहचान होने की उम्मीद है।

*रोजी-रोटी कमाकर लौट रहे थे, हादसे ने परिवार को चिंता में डाला*

अरविंद रोजाना महराजगंज कस्बे में रेहड़ी लगाकर परिवार का खर्च चलाते हैं। मंगलवार रात भी वह दिनभर मेहनत करने के बाद घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार को चिंता में डाल दिया। परिजन घायल अरविंद के बेहतर इलाज को लेकर परेशान हैं।

Related posts