रिपोर्टर : रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमावां/रायबरेली। सदर विधायक अदिति सिंह ने अपने पिता एवं पूर्व विधायक स्व. अखिलेश सिंह की सातवीं पुण्यतिथि पर सेवा और जनकल्याण का बड़ा आयोजन किया। अमावां ब्लॉक के तकिया में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने मेधावी छात्र-छात्राओं को 150 से अधिक रेंजर साइकिलें वितरित कीं। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को करीब 2 से 3 हजार चश्मों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में समाज कल्याण, कृषि सहित 16 विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निस्तारण का प्रयास किया।कार्यक्रम में इलाहाबाद के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, विधायक दीपक पटेल, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह, मुख्य अतिथि एवं रक्षा मंत्री के पुत्र नीरज सिंह, पूर्व विधायक रामलाल, विधायक अशोक कोरी, भाजपा नेता पुष्पेंद्र सिंह समेत जिले के कई प्रमुख नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस मौके पर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि उनके पिता स्व. अखिलेश सिंह की पुण्यतिथि पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सेवा और जनहित से जुड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
