राणा बेनी माधव बख्श सिंह सभागार का लोकार्पण, विकास और विरासत पर दिया जोर
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से सई नदी तट पर नवनिर्मित राणा बेनी माधव बख्श सिंह सभागार (ऑडिटोरियम) पहुंचे और उसका लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने राणा बेनी माधव बख्श सिंह स्मारिका का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 1857 की क्रांति के महानायक राणा बेनी माधव बख्श सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि क्रांति की शुरुआत मंगल पांडे और महारानी लक्ष्मीबाई ने की थी, जिसे आगे बढ़ाने का कार्य रायबरेली के वीर सपूत राणा बेनी माधव बख्श सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकता।सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग भारत की परंपरा, संस्कृति और विरासत को बदनाम करने का अभियान चला रहे हैं। महाराष्ट्र में दिए गए राहुल गांधी के बयान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मनु, राम और भारतीय संस्कृति का अपमान करने वाले लोगों को पहले वेदों और भारतीय इतिहास का अध्ययन करना चाहिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी देश और प्रदेश के बाहर जाकर भारत और उत्तर प्रदेश की छवि को धूमिल करने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सेना के पराक्रम पर सवाल उठाते हैं तथा देश विरोधी ताकतों का समर्थन करते हैं। उन्होंने 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की लोकतंत्र के प्रति निष्ठा पर भी प्रश्न उठाए।विकास के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रायबरेली तेजी से बदल रहा है।
उन्होंने बताया कि मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री, जो पहले सीमित उत्पादन करती थी, आज वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के कोच तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू की गई है, जिससे रायबरेली के युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर गरीबों के हक का पैसा और राशन हड़पने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज प्रदेश के 16 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बिना जाति और धर्म देखे आवास, शौचालय, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा मित्रों का मानदेय बढ़ाया गया,
रसोइयों को सम्मानजनक पारिश्रमिक दिया गया तथा युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना शुरू की गई। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश देश की विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।मुख्यमंत्री ने रायबरेली की ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने की बात करते हुए कहा कि राणा बेनी माधव बख्श सिंह के नाम पर सभागार का निर्माण कराया गया है और जल्द ही वीरांगना वीरा पासी के नाम पर स्मारक और प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय की भी सराहना की और कहा कि राम मंदिर आंदोलन में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने कहा कि जो राम का होगा, वही विकास और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा का हिस्सा बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने वर्षों तक उत्तर प्रदेश को उपद्रव और भ्रष्टाचार की पहचान दी, जबकि वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था, विकास और निवेश के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि रायबरेली में एम्स का संचालन शुरू हो चुका है।
और प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
