नशे में धुत युवक ने सारस चौराहे पर तीन घंटे तक रोकी यातायात व्यवस्था

बीच सड़क कार खड़ी कर सोता रहा युवक, राहगीरों और वाहन चालकों को उठानी पड़ी भारी परेशानी।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। शहर के व्यस्ततम चौराहों में शामिल सारस चौराहे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक नशे की हालत में अपनी कार बीच सड़क पर खड़ी कर उसमें ही गहरी नींद में सो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक करीब तीन घंटे तक वाहन के अंदर आराम फरमाता रहा, जबकि सड़क पर यातायात बाधित होता रहा और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मामला मिल एरिया थाना क्षेत्र के सारस चौराहे का है, जहां दोपहर के समय अचानक सड़क के बीचों-बीच एक कार खड़ी दिखाई दी। पहले लोगों को लगा कि वाहन में कोई तकनीकी खराबी आ गई होगी, लेकिन काफी देर तक कोई हलचल न होने पर जब लोगों ने पास जाकर देखा तो चालक नशे की हालत में गाड़ी के अंदर सोता मिला।

व्यस्त चौराहे पर वाहन खड़ा होने से चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई बार जाम जैसी स्थिति भी उत्पन्न हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि घंटों तक सड़क पर यह स्थिति बनी रही, लेकिन युवक को किसी बात की परवाह नहीं थी। राहगीरों ने किसी तरह वाहन को बचाते हुए अपने रास्ते तय किए।

घटना को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह नशे की हालत में वाहन खड़ा करना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि किसी बड़े हादसे को भी न्योता दे सकता है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।सारस चौराहे पर हुई यह घटना दिनभर चर्चा का विषय बनी रही और लोगों ने इसे यातायात व्यवस्था व सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।

Related posts