अराजक तत्वों ने प्रतिमा पर पोता कीचड़, पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली/ गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कजियाना ग्राम पंचायत के बाबूरिहा गांव में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ की गई अभद्र हरकत से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। अराजक तत्वों द्वारा प्रतिमा पर कीचड़ पोत दिए जाने की घटना सामने आते ही ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और बाबा साहब के अनुयायियों में नाराजगी फैल गई।बताया जाता है कि मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों ने गांव में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा को देखा तो उस पर कीचड़ पुता हुआ था।
यह दृश्य देखते ही लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घटना को लेकर विरोध जताने लगी। ग्रामीणों का कहना है कि यह कृत्य किसी शरारती एवं असामाजिक तत्व द्वारा समाज में वैमनस्य फैलाने की नीयत से किया गया है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।घटना की सूचना मिलते ही गदागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस की मौजूदगी में प्रतिमा की साफ-सफाई कराकर उसे पूर्ववत कराया गया। इसके बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिमा का अपमान करने वाले अराजक तत्वों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर दंड दिया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। लोगों का कहना है कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक महापुरुष ही नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और सम्मान के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा के साथ की गई छेड़छाड़ पूरे समाज की भावनाओं को आहत करने वाली है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण दोषियों की गिरफ्तारी का इंतजार कर रहे हैं।
