राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 01 सितम्बर 2026। जिले में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मंगलवार को तहसील महराजगंज एवं तहसील सदर के प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को राहत व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सबसे पहले तहसील महराजगंज क्षेत्र के कोडरी गांव का दौरा किया। यहां उन्होंने जलभराव से प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा राहत कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।
इसके बाद उन्होंने शिवगढ़ ड्रेन का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील सदर के विकासखंड अमांवा स्थित लोधीपुर गांव पहुंचकर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए।जिलाधिकारी ने पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, आवागमन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जहां जल निकासी की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने शेल्टर होम में रह रहे प्रभावित परिवारों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि राहत शिविरों में रह रहे किसी भी परिवार को असुविधा न होने पाए और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रभावित गांवों की स्थिति पर सतत नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीणों को भी जलभराव के दौरान सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपजिलाधिकारी महराजगंज चंद्र प्रकाश गौतम, उपजिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग महिपाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
