सगे भाई ने भाईचारे का किया कत्ल, ईंट से सिर कूचकर छोटे भाई की हत्या

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के चौपुरा गांव में बुधवार सुबह रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की ईंट से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात से गांव में दहशत और परिवार में मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चौपुरा गांव निवासी रवि कुमार पुत्र स्वर्गीय शिवशंकर बुधवार सुबह रोजाना की तरह ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे। बताया जाता है कि गांव के बाहर पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे उनके बड़े भाई अनूप ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि अनूप ने ईंट से रवि के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल रवि को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही रवि ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।सूचना पर हरचंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts