हत्या के प्रयास का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जगतपुर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी।जानकारी के मुताबिक, 26 जून 2026 को थाना जगतपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया गया था। आरोप है कि विपक्षियों ने पहले फायरिंग की, फिर धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया तथा स्कॉर्पियो वाहन से टक्कर मारकर जान से मारने का प्रयास किया।

पीड़ित की तहरीर पर थाना जगतपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत जगतपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रवि सिंह पुत्र फौजदार सिंह निवासी ग्राम भेदपुर, थाना भदोखर, जनपद रायबरेली को क्षेत्र के प्राइमरी स्कूल टिकरिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related posts