महराजगंज-हैदरगढ़ मार्ग पर धरने से यातायात प्रभावित, एसडीएम के आश्वासन पर समाप्त हुआ आंदोलन।
रिपोर्टर: रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली/महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के जलभराव से प्रभावित कोटवा मदनिया गांव के ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। लंबे समय से जलभराव की समस्या, बिजली व्यवस्था बाधित होने तथा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय की मांग को लेकर ग्रामीणों ने। महराजगंज-हैदरगढ़ मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर धरने पर अड़ गए।
सूचना मिलते ही मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंची और प्रदर्शन कर रहे युवक अनुपम जायसवाल को अपने साथ ले गई। अनुपम को पुलिस द्वारा उठाए जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पैदल ही महराजगंज तहसील पहुंच गए और एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई।ग्रामीणों का कहना था कि गांव में जलभराव के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है।
कई घरों के आसपास पानी भरा हुआ है, बिजली आपूर्ति बाधित है तथा पशुओं के लिए भी सुरक्षित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत कार्य शुरू कराने की मांग की।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने ग्रामीणों से वार्ता की और प्रभावित परिवारों को राशन उपलब्ध कराने, क्षतिग्रस्त बिजली लाइनें शीघ्र दुरुस्त कराने तथा पशुओं को गौशाला में आश्रय दिलाने का आश्वासन दिया।
साथ ही एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने प्रदर्शनकारी युवक अनुपम जायसवाल को भी छोड़ दिया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और धरना समाप्त कर अपने घर लौट गए। इस दौरान अनुपम जायसवाल के समर्थन में अयोध्या प्रसाद, संत प्रसाद, शिवकुमारी, हरिलाल, सीमा, सुमित्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
